हरदा।रविवार को शहर के नया बस स्टैंड पर ऑटो चालकों ने ब्लड डोनेट किया। बस स्टैंड पर आरटीओ और जिला अस्पताल के सौजन्य से आयोजित रक्तदान शिविर में शहर में ऑटो चलाने वाले करीब पचास से ज्यादा चालकों ने अपने स्वेच्छा से रक्तदान किया है।
गौरतलब है कि बीते तीन दिनों पहले दैनिक भास्कर डिजिटल ने जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में खून की कमी को लेकर खबर प्रकाशित की गई थी। जिसके बाद ऑटो चालक संघ ने इस खबर को पढ़ने के बाद सामूहिक रूप से रक्तदान कर जरूरतमंदों की मदद करने का निर्णय लिया है।
ऑटो चालक संघ के जिलाध्यक्ष राजेश सोनी का कहना है कि हम सवारियों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर लाने ले जाने के साथ नन्हें बच्चों को स्कूल आने जाने के लिए भी पूरी जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका निभाते है। अतः जब ब्लड बैंक में खून की कमी की खबर मालूम पड़ी तो सभी ने रक्तदान करने का निर्णय लिया है।


